जशपुर: ऑपरेशन शंखनाद के तहत कार्रवाई, पिकअप पलटने के बाद पकड़ा गया चालक; 4 गौवंश मुक्त
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने लोदाम क्षेत्र में कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, झारखंड की ओर जा रही एक पिकअप से चार गौवंशों को मुक्त कराया गया है। पीछा करने के दौरान भलमंडा के पास नेशनल हाईवे पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर हाईवे में जांच
पुलिस के अनुसार, 11 और 12 अक्टूबर की दरमियानी रात लोदाम थाना की टीम रात्रि गश्त पर थी। 12 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि जशपुर की ओर से एक पिकअप में गौवंशों को भरकर झारखंड ले जाया जा रहा है।
सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे पर पतराटोली के पास संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। सुबह करीब 4 बजे जशपुर की ओर से एक पिकअप आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।
पीछा करने के दौरान भलमंडा के पास पलटी पिकअप
पुलिस टीम ने संदिग्ध पिकअप का पीछा किया। पुलिस के मुताबिक, भलमंडा के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे पिकअप हाईवे पर पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें चार गौवंश मिले। पुलिस ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकलवाया और पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। गौवंशों के परिवहन में इस्तेमाल पिकअप क्रमांक JH-13F-1745 को भी जब्त कर लिया गया।
झारखंड निवासी आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी की पहचान नजरुल अंसारी (24 वर्ष) निवासी ग्राम पनसो, कोटमा, जिला गुमला, झारखंड के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, गौवंशों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद लोदाम थाने में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गौ तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा: एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी और पशु क्रूरता के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। जिले में ऐसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
