62 वर्षीय पुजारी की पीट-पीटकर हत्या, कारण जानने में जुटी पुलिस

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सोनिया विहार में 62 वर्षीय पुजारी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। घटना एक दिन पहले की है। गंभीर रूप से जख्मी पुजारी को उपचार के लिए JPC अस्पताल में एडमिट कराया गया था, जहां से उन्हें GTB अस्पताल रेफर कर दिया गया था। देर शाम उपचार के दौरान पुजारी की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह लगभग 5 बजकर 40 मिनट पर सोनिया विहार पुलिस स्टेशन को जानकारी मिली थी कि एक पुजारी की एक युवक ने जमकर पिटाई की है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने जख्मी पुजारी को JPC अस्पताल में एडमिट कराया। छानबीन के दौरान जख्मी व्यक्ति की पहचान सोनिया विहार निवासी 62 वर्षीय सोनी राम के रूप में हुई है।

आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला है कि सोनू भट्ट नामक एक व्यक्ति ने पुजारी सोनी राम की पिटाई कर दी थी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने भी आरोपी सोनू भट्ट को पीट डाला था। इस दौरान सोनू भट्ट भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिलहाल, सोनू को उपचार के लिए दिल्ली सिविल लाइंस के ट्रॉमा सेंटर में एडमिट कराया गया है।

उधर, पिटाई में गभीर रूप से घायल सोनी राम की हालत को देखते हुए जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल सोनी राम से बयान लेना चाहा लेकिन वह बयान देने की हालत में नहीं थे। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान देर शाम सोनी राम ने दम तोड़ दिया। हालाँकि, फ़िलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button