जशपुर में अपराध समीक्षा बैठक: लंबित मामलों के जल्द निराकरण और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जशपुर। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक लेकर जिले के सभी अनुविभागों के लंबित अपराध, चालान, शिकायत और मर्ग प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने और विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में राजपत्रित अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे।

लापरवाही पर कार्रवाई, उत्कृष्ट कार्य पर मिलेगा पुरस्कार

डीआईजी एवं एसएसपी ने कहा कि विवेचना में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर कार्य करने वाले थाना एवं चौकी प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने राजपत्रित अधिकारियों को विवेचकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

गौ-तस्करी, नशे और साइबर अपराध पर सख्ती

बैठक में गौ-तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ, सट्टा, नशीली दवाओं के कारोबार तथा अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया गया।

यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए थाना एवं चौकी प्रभारियों को विशेष वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने, नाबालिगों के वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।

‘पुलिस मितान’ अभियान को मिलेगा बढ़ावा

डीआईजी एवं एसएसपी ने ‘पुलिस मितान’ पहल को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस मितानों को कानून-व्यवस्था, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, नशा मुक्ति और यातायात जागरूकता अभियानों से जोड़ा जाए, ताकि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी शिकायतकर्ता थाना या चौकी से निराश होकर वापस न लौटे। सभी शिकायतों पर निष्पक्ष और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही निगरानी बदमाशों की नियमित जांच, पैदल मार्च, कॉम्बिंग गश्त और क्षेत्र में विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

Back to top button