जशपुर में दो पिकअप से 8 गोवंश बरामद, दो गिरफ्तार; एक चालक जंगल में भागा

जशपुरनगर। गोवंश तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों से 8 गोवंश बरामद किए हैं। दोनों वाहन छत्तीसगढ़ से झारखंड की ओर जाने की सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर जांच शुरू की थी। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक पिकअप का चालक वाहन छोड़कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार चालक समेत मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

सूचना के बाद चांपा टोली में नाकाबंदी

पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि कुनकुरी की ओर से दो पिकअप वाहनों में गोवंश भरकर जशपुर के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने देर रात नाकाबंदी शुरू की।

रात करीब 12 से 1 बजे के बीच चांपा टोली जशपुर के पास हाईवे पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इस दौरान गौ सेवक भी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे।

पहले पिकअप से मिले चार गोवंश

जांच के दौरान पुलिस ने पिकअप क्रमांक JH 07M 9843 को रोककर तलाशी ली। वाहन में दो युवक सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम आर्यन (20), निवासी आगडीह महुआ टोली और राकेश राम (28), निवासी पैकू, थाना सिटी कोतवाली जशपुर बताया।

पिकअप की तलाशी लेने पर उसमें चार गोवंश मिले। पुलिस ने उनके परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

दूसरे वाहन का चालक जंगल में फरार

इसी दौरान पीछे से एक अन्य संदिग्ध पिकअप CG 13BB 8096 आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे मौके पर छोड़ दिया और अंधेरे व जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भी चार गोवंश पाए गए। इस तरह दोनों वाहनों से कुल आठ गोवंश बरामद किए गए।

दोनों पिकअप जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश

पुलिस ने गोवंश परिवहन में इस्तेमाल दोनों पिकअप वाहनों को जब्त कर लिया है। पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस के अनुसार ये आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली जशपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

झारखंड ले जाने की सूचना पर जांच जारी

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद गोवंश कहां से लाए गए थे और उन्हें झारखंड में किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसके अलावा इस गतिविधि में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गोवंश तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो वाहनों से आठ गोवंश बरामद किए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button