जशपुर में 70 वर्षीय बुजुर्ग हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, बहू समेत चार आरोपी गिरफ्तार
जशपुर। दुलदुला थाना पुलिस ने 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के अंधे मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते मृतक की बहू ने तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को ग्राम बोड़ाजोर निवासी चुगरू प्रधान (70 वर्ष) अपने घर में मृत अवस्था में मिले थे। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे तथा शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने तीन युवकों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस जांच के अनुसार, 3 और 4 जुलाई की दरम्यानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया। इसके बाद बुजुर्ग के हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी
- सुगंती बेसरा (36 वर्ष), निवासी ग्राम बोड़ाजोर, थाना दुलदुला (मृतक की बहू)
- साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष), थाना दुलदुला
- आनंद यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम परसाटोली, थाना दुलदुला
- रोहित सिंह (21 वर्ष), निवासी ग्राम मधुटोली, थाना जशपुर
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है तथा वैज्ञानिक जांच और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से अपराधियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।


