जशपुर से रायगढ़ जा रही बस से प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, ड्राइवर-कंडक्टर समेत 3 गिरफ्तार

जशपुर। तपकरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जशपुर से रायगढ़ जा रही यात्री बस से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप जब्त की है। मामले में बस के ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी

पुलिस को 10 अप्रैल की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि वासुदेव बस (क्रमांक CG-13-Q-1800) में अवैध कफ सिरप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर तपकरा थाना पुलिस ने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी और रात करीब 11:45 बजे संदिग्ध बस को रोक लिया।


डिक्की से 480 बोतल कफ सिरप बरामद

बस की तलाशी के दौरान डिक्की में रखे दो झोलों से चार कार्टून बरामद किए गए। इनमें 100-100 मिलीलीटर की कुल 480 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप मिली, जिसमें कोडीन फॉस्फेट और ट्राईपोलिडिन हाइड्रोक्लोराइड युक्त “ऑनरेक्स” सिरप शामिल है। जब्त कुल 48 लीटर कफ सिरप की कीमत लगभग 96,720 रुपये बताई गई है।


पूछताछ में खुला सप्लाई नेटवर्क

शुरुआत में बस स्टाफ ने मामले की जानकारी से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि कफ सिरप बिहार के गया से लाई गई थी और इसे रायगढ़ में बेचने की योजना थी।


NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों—बसंत पटेल (33 वर्ष), सतीश कुमार चौहान (45 वर्ष) और भोला राम (46 वर्ष)—के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


बस भी जब्त, जांच जारी

तस्करी में प्रयुक्त बस को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है। एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Back to top button