रायगढ़ में हाथियों का बढ़ता मूवमेंट, 130 से अधिक हाथियों ने 15 किसानों की फसल की बर्बाद

रायगढ़, 04 मई 2026:

[img-slider id="274450"]
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों की मौजूदगी लगातार बढ़ती जा रही है। जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में 130 से अधिक हाथियों का मूवमेंट दर्ज किया गया है। रविवार रात हाथियों के झुंड ने कई गांवों में किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया।


15 किसानों की फसल हुई बर्बाद

धर्मजयगढ़ वन मंडल के विभिन्न रेंज में हाथियों के झुंड ने लगभग 15 किसानों की धान और मक्का की फसल को खाकर और पैरों से रौंदकर नष्ट कर दिया। विभाग द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


कई गांवों में पहुंचा हाथियों का दल

धर्मजयगढ़ रेंज के आमगांव में 5 किसानों की धान की फसल को नुकसान हुआ। वहीं दर्रीडीह और ओंगना में 3 किसानों, क्रोंधा में 1 किसान, छाल रेंज के लामीखार में 1 किसान की मक्का फसल, हाटी तेंदुमुड़ी में 3 किसानों और बोरो रेंज के कुमा में 2 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचा।


सुबह होने से पहले जंगल लौटे हाथी

रात में हाथियों के आने की सूचना पर ग्रामीणों और वनकर्मियों ने उन्हें भगाने का प्रयास किया, लेकिन हाथियों का दल खेतों में डटा रहा और सुबह होने से पहले वापस जंगल की ओर लौट गया। सुबह विभागीय टीम ने नुकसान का आकलन शुरू किया।


जिले में 132 हाथियों की मौजूदगी

जिले के दोनों वन मंडलों में कुल 132 हाथी अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहे हैं। धर्मजयगढ़ वन मंडल में 31 नर, 37 मादा और 26 शावक, जबकि रायगढ़ वन मंडल में 5 नर, 26 मादा और 7 शावक दर्ज किए गए हैं।


इन क्षेत्रों में सबसे ज्यादा हाथी सक्रिय

घरघोड़ा रेंज के नवापारा टेंडा में 20 हाथियों का दल सक्रिय है। इसके अलावा अमलीडीह में 15, आमगांव में 15 और चैनपुर में 15 हाथी विचरण कर रहे हैं।


वन विभाग की निगरानी जारी

छाल रेंजर राजेश चौहान के अनुसार, हाथियों के हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। प्रभावित गांवों में हाथी मित्र दल के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है, ताकि लोगों को सतर्क किया जा सके और नुकसान को कम किया जा सके।

Back to top button