जिंदल स्टील में देशभक्ति के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, वेंकटेश जिंदल ने किया ध्वजारोहण
रायगढ़, 15 अगस्त 2026। जिंदल स्टील लिमिटेड के रायगढ़ संयंत्र में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के माहौल में मनाया गया। संयंत्र परिसर के पोलो मैदान में आयोजित समारोह में वेंकटेश जिंदल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान जिंदल फाउंडेशन की चेयरपर्सन शालू जिंदल भी मौजूद रहीं।
ध्वजारोहण के बाद वेंकटेश जिंदल ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि पिछले 80 वर्षों में भारत ने विकास और प्रगति की लंबी यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के प्रति अपने दायित्व और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है।
सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
वेंकटेश जिंदल ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से बढ़कर कोई लक्ष्य या समय-सीमा नहीं हो सकती। कर्मचारियों से स्वयं के साथ अपने सहकर्मियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने का आह्वान किया गया।
उन्होंने बदलती तकनीक के साथ लगातार सीखते रहने और अपने कौशल को बेहतर बनाने पर जोर दिया। साथ ही संयंत्र की स्वच्छता और सुव्यवस्था को भी सुरक्षित कार्यस्थल का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
स्टील उत्पादन को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा
उन्होंने कहा कि रायगढ़ संयंत्र में तैयार होने वाला स्टील देश की विकास यात्रा में योगदान दे रहा है। सड़क, रेलवे, पुल, भवन और उद्योगों सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्टील की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कर्मचारियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मजबूत और समावेशी भारत के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
नवीन जिंदल के प्रयासों का किया उल्लेख
रायगढ़ संयंत्र के कार्यपालन निदेशक देबोज्योति रॉय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए तिरंगे के सम्मान के लिए नवीन जिंदल के लंबे कानूनी संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 23 जनवरी 2004 को सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले के बाद प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रध्वज फहराने का मौलिक अधिकार मिला।
रॉय ने संस्थापक चेयरमैन ओ.पी. जिंदल के विचारों को याद करते हुए कहा कि कंपनी की प्रगति में कर्मचारियों और उनके परिवारों की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बच्चों की प्रस्तुतियों और K-9 शो ने बांधा समां
समारोह में ओ.पी. जिंदल स्कूल, रायगढ़ और जिंदल आशा के बच्चों ने देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सुरक्षा विभाग के K-9 डॉग स्क्वाड ने भी विशेष प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। समारोह में जिंदल स्टील परिवार के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।











