ग्राम लिबरा में श्रीराम कथा का दिव्य आयोजन, भक्तों की उमड़ी भीड़

साध्वी प्रज्ञा भारती के मुखारविंद से बह रही है श्रीराम कथा की अमृतधारा

रायगढ़, तमनार। ग्राम लिबरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव में चित्रकूट आश्रम, मध्यप्रदेश से पधारी साध्वी प्रज्ञा भारती के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही ज्ञानगंगा में श्रद्धालु डूब रहे हैं। यह आध्यात्मिक आयोजन 5 फरवरी 2025 से शुरू हुआ, जिसमें हर दिन श्रीराम के जीवन से जुड़ी दिव्य कथाओं का रसपान कराया जा रहा है।

हर दिन विशेष कथा, झांकियों ने मोहा मन

6 फरवरी को साध्वी प्रज्ञा भारती ने सती चरित्र की व्याख्या कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। 7 फरवरी को शिव विवाह की कथा सुनाई गई, जबकि 8 फरवरी को भगवान राम के जन्म की कथा के दौरान ग्रामवासियों ने भव्य झांकी निकाली, जिसने सभी का मन मोह लिया। 9 फरवरी को श्रीराम विवाह महोत्सव की मोहक कथा सुनाई गई और राम रथ सजाकर भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, आस्था का अद्भुत नजारा

साध्वी प्रज्ञा भारती की अमृतमयी कथा को सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं। ग्राम लिबरा के गलियारों में भक्ति की गूंज है, जहां नर-नारी, बच्चे-बच्चियां पूरे मनोयोग से कथा का रसास्वादन कर रहे हैं।

सांसद राधेश्याम राठिया ने लिया आशीर्वाद

कथा के छठवें दिन रायगढ़ के सांसद राधेश्याम राठिया भी अपने दल-बल के साथ कथा स्थल पहुंचे और साध्वी प्रज्ञा भारती से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने व्यासपीठ से श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया। इसके अलावा ओडिशा से पधारे श्रद्धालुओं ने भी साध्वी प्रज्ञा भारती के दर्शन कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button