जीपीएम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, कलेक्टर ने अधिकारियों के कार्यभार और तहसीलदारों के प्रभार बदले
प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से जारी हुआ आदेश, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने जिला मुख्यालय में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के बीच व्यापक कार्य विभाजन करते हुए तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के प्रभार में बड़ा बदलाव किया है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) मुकेश रावटे को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का संपूर्ण प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, कृषि, क्रेडा, सी-मार्ट, महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क, पीएम जनमन योजना तथा बैगा विकास प्राधिकरण का दायित्व भी उनके पास रहेगा।
अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दिलेराम डाहिरे को कानून-व्यवस्था, राजस्व अपील, पुनरीक्षण, प्राकृतिक आपदा प्रबंधन, शस्त्र अनुज्ञप्ति नवीनीकरण तथा खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी दी गई है।
एसडीएम स्तर पर भी बदलाव
संयुक्त कलेक्टर निकिता मरकाम को एसडीएम मरवाही नियुक्त किया गया है। वे मरवाही तहसील के राजस्व, भू-अर्जन, नजूल और निर्वाचन संबंधी कार्यों का दायित्व संभालेंगी।
डिप्टी कलेक्टर अमित बेक को एसडीएम पेंड्रारोड बनाया गया है। उनके अधीन पेंड्रारोड, पेंड्रा और सकोला तहसीलों के राजस्व एवं दंडाधिकारी संबंधी कार्यों के साथ जनगणना शाखा और सत्कार अधिकारी का प्रभार रहेगा।
डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पाण्डेय को स्थापना, वित्त शाखा, जिला नाजरात, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना, समाज कल्याण विभाग, बाढ़ आपदा प्रबंधन तथा एनआईसी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विक्रांत कुमार अंचल को उप जिला निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। साथ ही उन्हें डीएमएफ, सीएसआर, जेल अधीक्षक, जन सूचना अधिकारी (आरटीआई) तथा मुख्यमंत्री जन शिकायत निवारण शाखा का दायित्व दिया गया है।
देवेन्द्र कुमार सिरमौर को भू-अभिलेख, डायवर्सन, भू-अर्जन, पासपोर्ट, परीक्षा शाखा, भूइयां कार्यक्रम, डिजिटल सर्वे तथा पुरातत्व एवं पर्यटन विभाग का प्रभारी बनाया गया है।
तहसीलदारों के प्रभार में बदलाव
प्रशासनिक आदेश के तहत तीन तहसीलदारों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है।
- शेषनारायण जायसवाल को पेंड्रारोड से स्थानांतरित कर पेंड्रा तहसीलदार बनाया गया।
- प्रीति शर्मा को मरवाही से स्थानांतरित कर गौरेला तहसीलदार की जिम्मेदारी दी गई।
- अविनाश कुजुर को पेंड्रा से स्थानांतरित कर मरवाही तहसीलदार नियुक्त किया गया।
नायब तहसीलदारों को भी नई जिम्मेदारियां
- उमेश कुमार चौहान को पेंड्रा से पेंड्रारोड भेजा गया है। उन्हें उप तहसील बस्ती का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
- रमेश कुमार कमार को वर्तमान दायित्वों के साथ उप तहसील निमधा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
- अंजली मिश्रा को जनगणना शाखा से हटाकर सकोला का प्रभारी तहसीलदार बनाया गया है।
- दशोदा आर्मी को भू-अभिलेख शाखा में सहायक अधीक्षक का दायित्व दिया गया है। उनसे सकोला के प्रभारी नायब तहसीलदार का अतिरिक्त प्रभार वापस ले लिया गया है।
कलेक्टर के आदेश के अनुसार नवगठित सकोला तहसील कार्यालय का आहरण एवं संवितरण (डीडीओ) अधिकार अगले आदेश तक पेंड्रा तहसीलदार के पास रहेगा।
लिंक ऑफिसर व्यवस्था भी लागू
प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के लिए लिंक ऑफिसर व्यवस्था भी लागू की गई है। इसके तहत जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे और अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे एक-दूसरे के लिंक अधिकारी होंगे। अन्य अधिकारियों के लिए भी इसी प्रकार परस्पर लिंक ऑफिसर निर्धारित किए गए हैं।
कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि नए कार्य विभाजन का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना, जवाबदेही सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों को समयबद्ध और बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है।


