“जीवन के सभी क्षेत्रों में पुनर्जागरण का प्रयोजन”

खरसिया/सुधीर चौहान:- आनन्दमार्ग प्रचारक संघ द्वारा कोरबा में आयोजित प्रथम संभागीय सेमिनार 2023 के अवसर पर आनन्दमार्ग के वरिष्ट आचार्य सिद्धविद्यानन्द अवधूत जी ने “जीवन के सभी क्षेत्रों में पुनर्जागरण का प्रयोजन” विषय पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रेनेसां अथवा पुनर्जागरण का वास्तविक अर्थ है जो मानवता इतने दिनों तक सोई हुई थी, आज उसे अन्धतमिस्रा से जगाना होगा और जीवन के सभी क्षेत्रो में अस्तित्व के सभी स्तर पर कुछ नया करना होगा। समाज के समग्र प्रगति के लिए रेनेसां एक आन्दोलन है जिसके माध्यम से समाज के व्याप्त सभी प्रकार की बुराइयों, पार्थक्यों, भेद-भावों, शोषण, व्याधियों भाव-जड़ताओं या अन्ध विश्वासों को समाप्त करना होगा। यह पुनर्जागरण जीवन के तीन गुरुत्वपूर्ण स्तरों में करना होगा- जागतिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक ।

जीवन के जागतिक स्तर में वैज्ञानिक अविष्कार का व्यवहार नये नये हथियारों को तैयार करने में न कर कला, कल्याण एवं सेवा के लिए करना होगा। सामाजिक अग्रगति के लिए सामाजिक वैषम्य को पशु और उद्भिद, मनुष्य और पशु में पार्थक्य, मनुष्य और उ‌द्भिद में कर समानता लानी होगी। पार्थक्य दूर करने के लिए एक नीति अपनानी होगी कि सभी सृष्ट सत्ताओं को समान रूप से अपना जीवन प्रिय है और सबको जीने का जन्मगत अधिकार है। उच्चवर्ग निम्नवर्ग जैसे सामाजिक वैषम्य का खात्मा करना होगा। वर्णगत तारतम्य, गोरा काला का वैषम्य भी दूर करना होगा, नारी-पुरुष का पार्थक्य मिटाना होगा। नारियाँ अनेक सामाजिक राजनैतिक अधिकारों से वंचित हैं। पुरुषों की तरह उनके भी समान अधिकार है।

राजनैतिक, अर्थनैतिक एवं सांस्कृतिक जीवन में क्रमश: नीतिवादियों का शासन, न्यूनतम प्रयोजन एवं न्यूनतम क्रय क्षमता की गारन्टी तथा निःशुल्क शिक्षा की गारन्टी देनी होगी। जीवन के मानसिक स्तर में नाना प्रकार की व्याधियों जैसे – मानस- भौतिक व्याधि भावजड़ता (dogma) को खत्म करना होगा, मानसिक व्याधि- कपटता त्रुटिपूर्ण चिन्तन को खत्म करके नव्य मानवतावाद की प्रतिष्ठा करनी होगी। जातिगत, सम्प्रदायगत, ऊँच-नीच गोरा- काला भेद इत्यादि को लेकर दमन, उत्पीड़न को समाप्त करना होगा तथा हरेक प्रकार के शोषण के विरुद्ध आवाज बुलन्द करके शोषण का खात्मा करना होगा। धर्म एवं साम्प्रदाय के अन्तर को समझना होगा । जीवन के आध्यात्मिक स्तर में सबकुछ को आध्यात्मिकता की ओर चालित कर देना होगा। आदर्श के क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में, भाषा के क्षेत्र में, कर्म के क्षेत्र में, एकता के क्षेत्र में अर्थात सर्वत्र ही आध्यात्मिकता का उत्तरण करना होगा। तभी मनुष्य ऋणात्मक प्रतिसंचर के पथ का छोड़कर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा अर्थात वह जड़ शक्ति का मानसिक शक्ति में और मानसिक शक्ति का आत्मिक शक्ति में रूपान्तरण कर सकेगा।

Share This Article
Leave a review