
सक्ती। जिले में जुआ खेलने के दौरान पुलिस की दबिश के बाद एक ग्रामीण की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। लापता ग्रामीण का शव सोमवार सुबह तालाब में तैरता हुआ मिला। घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर है, वहीं मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात हसौद पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को देखकर गांव निवासी महेश राम केंवट तालाब में कूद गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।
ग्रामीण के तालाब में डूबने की आशंका के चलते उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी खोजबीन के बाद सोमवार सुबह तालाब में उनका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के आरोपों की जांच का आश्वासन
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में सक्ती के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर गुम इंसान का मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत से जुड़े घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
