
“ट्रिपल इंजन सरकार फेल”— कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, दीपक मंडल का तीखा बयान
रायगढ़। शहर की कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री दीपक मंडल ने कहा कि भाजपा का तथाकथित “ट्रिपल इंजन मॉडल” पूरी तरह विफल हो चुका है और हालात यह हैं कि सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि भी न्याय के लिए थाने के बाहर धरना देने को मजबूर हैं।
पार्षद से मारपीट के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 31 की भाजपा पार्षद त्रिनिषा चौहान और उनके परिवार के साथ एक शादी समारोह में मारपीट की घटना हुई। मामले की शिकायत सिटी कोतवाली में दर्ज कराई गई, लेकिन कार्रवाई न होने से नाराज होकर महापौर और भाजपा कार्यकर्ताओं को धरने पर बैठना पड़ा।
“भाजपा शासन का काला सच”— दीपक मंडल
दीपक मंडल ने इस पूरे घटनाक्रम को भाजपा शासन की विफलता बताते हुए कहा कि सरकार केवल दावों और विज्ञापनों तक सीमित रह गई है, जबकि जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था चरमराई हुई है।
“अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़ित न्याय के लिए भटक रहे हैं। यह स्थिति पूरे प्रदेश में देखने को मिल रही है।”

पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
उन्होंने कहा कि शादी समारोह में हुई घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और किसी भी प्रकार के दबाव में आए बिना उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
“सुशासन नहीं, दुशासन की स्थिति”
कांग्रेस नेता ने कहा कि जिस सरकार में उसके अपने जनप्रतिनिधि ही न्याय के लिए थाने के बाहर धरने पर बैठने को मजबूर हों, वह आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में कैसे सक्षम हो सकती है।
“यह ट्रिपल इंजन नहीं, ट्रिपल फेल सरकार है, जहां तीनों इंजन धुआं छोड़ रहे हैं लेकिन जनता को कोई राहत नहीं मिल रही है।”


