बिजली, पानी और पेंशन की समस्याओं को लेकर कांग्रेस पहुंची कलेक्ट्रेट

रायगढ़ शहर में बिजली कटौती, पेयजल संकट और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने आम नागरिकों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।

भीषण गर्मी में बिजली संकट से लोग परेशान

कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में बताया कि शहर के कई इलाकों में पिछले कई महीनों से लगातार बिजली बाधित होने की शिकायतें मिल रही हैं। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। दिन और रात दोनों समय हो रही कटौती से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

ज्ञापन में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर भी नाराजगी जताई गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि कई वार्डों में नियमित और पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे लोगों को गर्मी के मौसम में अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मेडिकल कॉलेज में खराब मशीनों का मुद्दा भी उठा

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक्स-रे और सीटी स्कैन मशीन लंबे समय से खराब होने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि मशीनें बंद होने के कारण मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।

पेंशन नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि वृद्धजन, विधवा, निराश्रित और दिव्यांग हितग्राहियों को मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा पेंशन कई महीनों से नहीं मिली है। इसके चलते जरूरतमंद लोगों को दवाइयों और रोजमर्रा की आवश्यकताओं के लिए आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर ने दिया समाधान का भरोसा

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव ने बताया कि शहर से जुड़े विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया है। कलेक्टर ने सभी मुद्दों पर जल्द आवश्यक कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया है।

Back to top button