ज्वेलरी दुकान से 6.80 लाख की चोरी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र स्थित ग्राम खम्हरिया में रमेश ज्वेलर्स से सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरे बैग की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 6.80 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 फरवरी की शाम दुकान संचालक विभूति विनय सोनी दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान सोने-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद से भरे दो बैग बाहर रखे गए थे। तभी एक आरोपी मौका पाकर एक बैग उठाकर पहले से बाइक पर इंतजार कर रहे साथी के साथ फरार हो गया।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले दुकान की रेकी की थी। घटना के बाद एसीसीयू और सीपत थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान 4 जून को आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों खुशीराम साहू, मनीष उर्फ राहुल मंडल और राजाराम साहू से पूछताछ में इस चोरी का खुलासा हुआ।
पूछताछ में पता चला कि चोरी किए गए जेवर और नकदी आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे। खुशीराम साहू ने अपने हिस्से के जेवर कसडोल निवासी दीपक वर्मा को बेच दिए थे, जिसे चोरी का माल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। राजाराम साहू के कब्जे से चांदी की पायल और सोने के टॉप्स भी बरामद किए गए।
मुख्य आरोपी मनीष उर्फ राहुल मंडल को बिहार के देवघर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया, जहां उसके पास से एक देसी कट्टा भी बरामद हुआ। वहीं, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक ग्राम मड़ई के श्मशान घाट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।


