झाड़-फूंक के बहाने युवती से दुष्कर्म, ढोंगी बाबा गिरफ्तार
नौकरी और अच्छे रिश्ते का झांसा देकर बनाया शिकार, मां को मंदिर और बहन को कमरे से बाहर भेजा
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर में झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर एक युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को प्रयागराज से आया बाबा बताकर लोगों को झाड़-फूंक के नाम पर ठगता था। पीड़िता की शिकायत पर गांधीनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कॉलोनी में पहुंचकर लोगों को देता था झांसा
पुलिस के अनुसार गांधीनगर थाना क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई है कि 14 जून की सुबह एक व्यक्ति कॉलोनी में पहुंचा, जिसने अपना नाम अमित कुमार गोस्वामी बताया और खुद को प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से आया बाबा बताया।
आरोपी लोगों को उनकी समस्याएं बताकर झाड़-फूंक और पूजा-पाठ के जरिए समाधान करने का दावा कर रहा था। इसी दौरान वह पीड़िता के घर भी पहुंचा।
नौकरी और शादी का झांसा देकर बनाया विश्वास
आरोपी ने युवती से कहा कि झाड़-फूंक कराने से उसकी नौकरी लग जाएगी और उसके लिए अच्छा रिश्ता भी आएगा। उसने युवती को स्नान करने के बाद पूजा के लिए तैयार रहने को कहा।
इसके बाद आरोपी ने झाड़-फूंक की प्रक्रिया शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों को अलग-अलग काम बताकर कमरे से बाहर भेजने लगा।
मां को मंदिर भेजा, बहन को बाहर किया
आरोपी ने पीड़िता की मां को एक मुट्ठी चावल देकर हनुमान मंदिर जाने और 151 चावल के दाने चढ़ाने के लिए कहा। वहीं पीड़िता की बहन को भी किसी बहाने कमरे से बाहर भेज दिया।
कमरे में अकेले होने का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया।
युवती की शिकायत पर शुरू हुई जांच
घटना के बाद पीड़िता ने अपनी मां को पूरी जानकारी दी और गांधीनगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
हुलिये के आधार पर दबोचा गया आरोपी
गांधीनगर पुलिस ने आरोपी की तलाश में बस स्टैंड, कॉलोनियों और अन्य संभावित ठिकानों पर खोजबीन की। इसी दौरान सुभाषनगर क्षेत्र में संदिग्ध हुलिये का एक युवक मिला, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसकी पहचान अमित कुमार गोस्वामी (29 वर्ष) निवासी ग्राम सेमरा, जिला प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
झोले से मिला झाड़-फूंक का सामान
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक झोला बरामद किया है, जिसमें विभिन्न प्रकार के पाउडर और झाड़-फूंक में इस्तेमाल होने वाला सामान रखा हुआ था।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठने का काम करता था।
रिश्तेदार के घर ठहरा था आरोपी
जांच में पता चला कि आरोपी अंबिकापुर में अपने रिश्तेदार के घर रुका हुआ था। रिश्तेदार यहां काम करता है और कुछ दिनों के लिए उत्तर प्रदेश गया हुआ था। इसी दौरान आरोपी उसके घर में रह रहा था।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
अंधविश्वास का फायदा उठाकर कर रहा था ठगी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी लोगों की धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का फायदा उठाकर उन्हें झांसे में लेता था। मामले की आगे जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने अन्य जगहों पर भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।



