झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं की मौत, करंट लगने की आशंका

प्रतापपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत झिंगरामाड़ा जंगल में एक साथ तीन भालुओं की मौत का मामला सामने आया है। जंगल में एक मादा भालू, एक नर भालू और एक शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों भालुओं की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर जंगल में गिर गया था। आशंका है कि उसी टूटे हुए तार की चपेट में आने से तीनों भालुओं की जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं तीन सदस्यीय पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों भालुओं का पोस्टमार्टम किया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग द्वारा नियमानुसार तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया गया।

वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी। यदि करंट लगने से मौत की पुष्टि होती है, तो बिजली लाइन की सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित जिम्मेदारियों को लेकर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।

वन विभाग आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण कर रहा है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विभाग सतर्कता बरत रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Back to top button