टोनही के संदेह में बेटे ने की मां की बेरहमी से हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

कबीरधाम= जिले के थाना झलमला क्षेत्र में अंधविश्वास का एक वीभत्स मामला सामने आया है। ग्राम मुड़वाही में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही 50 वर्षीय मां को टोनही होने के संदेह में लात-घूंसों और लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

*क्या है पूरा मामला?
दिनांक 11.09.2026 को ग्राम मुड़वाही निवासी सबर सिंह मेरावी ने थाना झलमला में अपनी पत्नी श्रीमती बतसिया बाई मेरावी, उम्र 50 वर्ष, की मृत्यु की सूचना दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव पंचनामा के दौरान मृतिका के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटों के निशान मिले। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी रेंगाखार भेजा गया।

मर्ग जांच और गवाहों के बयानों से चौंकाने वाला खुलासा हुआ। गवाहों ने बताया कि 09.09.2026 की रात करीब 10 बजे मृतिका का पुत्र तुलसी राम मेरावी अपनी मां पर टोनही होने का आरोप लगाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर रहा था। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में भी छाती पर गंभीर चोटों के कारण मौत की पुष्टि हुई।

*पुलिस की कार्रवाई*
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम  जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  हेमसागर सिदार व  अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी प्रशांत देवांगन के निर्देश पर थाना प्रभारी झलमला निरीक्षक श्री आशीष कंसारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

आरोपी तुलसी राम मेरावी पिता सबर सिंह मेरावी, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मुड़वाही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा (चिरान) उसके घर से गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।

कबीरधाम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अंधविश्वास अथवा टोनही के संदेह में किसी भी व्यक्ति को प्रताड़ित करना गंभीर अपराध है। ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

इस संपूर्ण कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पौराणिक लहरे, आरक्षक राजेंद्र मरकाम, राजेश्वर नाग की सराहनीय भूमिका रही।

जांच में मामला हत्या का पाए जाने पर थाना झलमला में अपराध क्रमांक 15/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता एवं धारा 4, 5 छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम, 2005 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया

आज दिनांक 12.09.2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर  न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जुडिशल रिमांड पर भेजा गया है।

Back to top button