ट्यूबवेल से तांबा तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़/पुसौर। जिले में किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर तांबा केबल वायर चोरी करने वाले गिरोह का पुसौर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में पुलिस ने तीन चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तांबा तार, सिल्वर तार, नगदी रकम और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को पुसौर निवासी किसान उमेश साव ने थाना पुसौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके खेत में लगे ट्यूबवेल से करीब 50 मीटर तांबा केबल वायर चोरी हो गया है। शिकायत में यह भी बताया गया कि क्षेत्र के अन्य किसानों के ट्यूबवेलों से भी इसी तरह की चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं।

फोटो से मिला सुराग, खुला चोरी का राज

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान संदिग्ध अमित सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी केदारनाथ सारथी के साथ मिलकर खेतों से तांबा केबल वायर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद समीर सतनामी के साथ मिलकर केबल वायर को जलाया जाता था, जिससे तांबा अलग कर उसे बेच दिया जाता था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और नगदी रकम बरामद की।

चोरी का माल खरीदने वाला भी गिरफ्तार

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरी किए गए तांबा और सिल्वर तार को चंद्रपुर निवासी दिनेश देवांगन खरीदता था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी का माल खरीदना स्वीकार किया। उसके कब्जे से करीब 8 किलो तांबा तार और 2 किलो सिल्वर तार बरामद किए गए।

चारों आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अमित सारथी, केदारनाथ सारथी, समीर सतनामी और दिनेश देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जब्त की गई सामग्री

  • 08 किलो तांबा तार
  • 02 किलो सिल्वर तार
  • नगदी रकम
  • हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल
  • चोरी से संबंधित अन्य सामग्री

एसएसपी ने की सहयोग की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की चोरी, संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button