तांत्रिक की लाठी-डंडे से पीट-पीट कर हत्या, शव को पेड़ पर लटकाया; मचा हड़कंप

जबलपुर से 40 किलोमीटर दूर आदिवासी बाहुल्य कुण्डम में सोमवार (11 अप्रैल)  को एक तांत्रिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने तांत्रिक की हत्या के बाद उसके शव को पेड़ पर रस्सी से बांधकर लटका दिया। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।  घटना की जानकारी लगने के बाद जबलपुर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा मौके पर पहुंचे और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के आदेश स्थानीय पुलिस को दिए है।

थाना कुण्डम पुलिस को ग्राम उचेहरा खेरमाई मढ़िया के पास एक व्यक्ति के पेड़ पर लटके होने की सूचना मिली थी।  सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतक की पहचान ग्राम उचेहरा निवासी सुनील बरकड़े के रूप में की गई। घटना की जानकारी जबलपुर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा को मिलते ही वो भी घटना स्थल का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। घटना स्थल का जायजा लेने के बाद पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने का आदेश स्थानीय थाना प्रभारी प्रताप सिंह मरकाम को दिया।

लाठी डंडे और पत्थर से पीटकर हत्या 

मृतक सुनील बरकड़े की पत्नी विमला बरकड़े ने बताया की 10 अप्रैल की रात 10 बजे गाँव के मन्नू उलाड़ी, फूलसाह और अन्य लोग उसके पति को घर से बुलाकर ले गए थे। घर से ले जाने के बाद दुर्गा मंच के पास उन लोगो ने मारपीट की और खेरमाई मड़िया के पास ले जाकर लाठी डंडो और पत्थरों से उसके पति को पीटकर मार डाला।  महिला के मुताबिक उनके पति की हत्या के बाद शव को पेड़ से लटका दिया गया।

तांत्रिक का काम करता था 

मृतक सुनील बरकड़े गांव में झाड़-फूंक का काम करता था। पुलिस का मामना है की झाड़-फूंक के चक्कर में उसकी हत्या गांव के कुछ लोगों ने कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए आरोपियों ने मृतक के शव को पेड़ पर रस्सी से बांधकर लटका दिया। मृतक के शरीर पर मारपीट के निशान मिले हैं जिससे ये जाहिर होता है की आरोपियों ने  हत्या कर शव को पेड़ पर लटका दिया है।

जांच टीम बनी 

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने के आदेश स्थानीय पुलिस को दिया है।  पुलिस की टीम द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।

Share This Article
Leave a review