तीन बहनों ने एक साथ पास की NEET, डिप्टी CM विजय शर्मा ने घर पहुंचकर दी बधाई
*कवर्धा में एक ही परिवार की तीन बेटियों की सफलता बनी पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा*
कवर्धा, 9 अगस्त 2026 – कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम नेउरगांव कला ने इतिहास रच दिया है। गांव की तीन सगी बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है।
इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आज स्वयं नेउरगांव पहुंचे। उन्होंने तीनों छात्राओं के घर जाकर उनसे मुलाकात की और उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्राओं की माता श्रीमती भगवती महोबिया और पिता राम महोबिया सहित पूरे परिवार को भी बधाई दी।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा, “एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में चयन होना न केवल परिवार के लिए गर्व का क्षण है, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है। घर में रहकर, सीमित संसाधनों के बीच तीनों बहनों ने जो सफलता हासिल की है, वह बताती है कि नियमित मेहनत, सही दिशा और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।”
उन्होंने तीनों छात्राओं से उनकी स्कूली पढ़ाई, नीट की तैयारी और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद पूरी लगन से पढ़ाई करें और डॉक्टर बनकर क्षेत्र और समाज की सेवा का भाव हमेशा मन में रखें।
*घर पर ऑनलाइन तैयारी कर हासिल की सफलता*
तीनों बहनों की सफलता की कहानी और भी खास है। तीनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से तैयारी की और एक-दूसरे का सहयोग करते हुए लक्ष्य हासिल किया।
इसमें दो छोटी बहनों ज्योति और सुमन ने अपने पहले ही प्रयास में NEET पास की है। दोनों ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से स्कूली शिक्षा पूरी की है। वहीं बड़ी बहन किरण ने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से पढ़ाई की है और दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।



