त्‍योहारी सीजन में बढ़ीं गोल्‍ड की कीमतें, फिर भी मिल रहा 9894 रुपये सस्‍ता, देखें 10 ग्राम सोने के दाम

नई दिल्ली. त्‍योहारी सीजन (Festive Season) के बीच भारतीय सर्राफा बाजार में आज यानी 18 अक्‍टूबर 2021 को सोने के भाव (Gold Price Today) में मामूली तेजी का रुख रहा. बावजूद इसके ये कीमती पीली धातु अभी भी अपने रिकॉर्ड हाई से काफी नीचे चल बिक रही है. वहीं, चांदी के दामों (Silver Price Today) में भी आज उछाल दर्ज किया गया है और ये 62 हजार रुपये प्रति किग्रा के ऊपर पहुंच गई. पिछले कारोबारी सत्र के दौरान दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 46,269 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. वहीं, चांदी 62,005 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुई थी. भारतीय सर्राफा बाजारों के उलट अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में आज सोने के दाम में कमी आई, जबकि चांदी के दाम में बड़ा बदलाव नहीं हुआ.

 

गोल्‍ड का नया भाव
दिल्ली सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने के दाम में महज 37 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी दर्ज की गई. इससे राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 ग्राम शुद्धता वाले सोने का भाव 46,206 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचकर बंद हुआ. हालांकि, अब भी सोने में निवेश का मौका है क्‍योंकि इसका मौजूदा भाव रिकॉर्ड हाई के मुकाबले काफी नीचे चल रहा है. बता दें कि अगस्‍त 2020 में गोल्‍ड ने 56,200 रुपये प्रति 10 ग्राम का सर्वोच्‍च स्‍तर छुआ था. इस लिहाज से इस समय सोना तब से करीब 9,894 रुपये सस्‍ता मिल रहा है. वहीं, अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में आज सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई और ये 1,766 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गईं.

चांदी की नई कीमत
चांदी की कीमतों में आज बढ़त देखने को मिली. दिल्‍ली सर्राफा बाजार में सोमवार को चांदी के दाम 323 रुपये की तेजी के साथ 62,328 रुपये प्रति किग्रा पर बंद हुए. वहीं, अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में आज चांदी के दाम में खास बदलाव नहीं हुआ और ये 23.36 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई.

गोल्‍ड में क्‍यों आई तेजी
एचडीएफसी सिक्‍योरिटीज (HDFC Security) के सीनियर एनालिस्‍ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा कि मजबूत डॉलर और वैश्विक बाजार से मिले संकेतों के कारण सोना ऊंची कीमतों पर कारोबार कर रहा है. वहीं, महंगाई की चिंताओं के कारण भी आज सोने में तेजी दर्ज की गई.

Share This Article
Leave a review