दंतेवाड़ा दौरे पर आएंगे सचिन तेंदुलकर, बच्चों के साथ खेलेंगे क्रिकेट

दंतेवाड़ा। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर 22 अप्रैल को अपने परिवार के साथ दंतेवाड़ा जिले के दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है।


बच्चों और शिक्षकों से करेंगे संवाद

सचिन तेंदुलकर गीदम ऑडिटोरियम में शिक्षकों और बच्चों से मुलाकात करेंगे। साथ ही जावंगा में आयोजित कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा कर युवाओं को प्रेरित करेंगे।


मैदान में उतरकर खेलेंगे क्रिकेट

पनेड़ा ग्राउंड में वे बच्चों के साथ क्रिकेट खेलेंगे और निर्माणाधीन क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन भी करेंगे। इसके अलावा छात्र-छात्राओं द्वारा खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का प्रदर्शन किया जाएगा।


छिंदनार गांव का भी करेंगे दौरा

सचिन तेंदुलकर इंद्रावती नदी तट पर बसे छिंदनार गांव भी जाएंगे, जहां वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे।


खेल गतिविधियों को मिल रहा बढ़ावा

सचिन तेंदुलकर की संस्था द्वारा जिले में खेलों को बढ़ावा देने के लिए 15 खेल मैदान तैयार किए गए हैं और 25 स्कूलों में खेल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। बच्चों को प्रोफेशनल ट्रेनिंग भी दी जा रही है।


बदलती तस्वीर का प्रतीक बनेगा दौरा

यह दौरा दंतेवाड़ा में खेल और शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव को नई दिशा देगा। स्थानीय प्रशासन को उम्मीद है कि इससे यहां की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।


प्रशासन द्वारा दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

Back to top button