दंतेवाड़ा : यात्रियों से भरी बस पलटी, 10 से 12 लोग घायल

धुरली के पास तड़के हुआ हादसा, घायलों को दंतेवाड़ा और बचेली अस्पताल में कराया गया भर्ती

दंतेवाड़ा। जिले के भांसी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 10 से 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

धुरली के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, महेंद्रा ट्रेवल्स की बस यात्रियों को लेकर जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे भांसी थाना क्षेत्र के धुरली के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जवानों ने यात्रियों को सुरक्षित निकाला

घटना की सूचना मिलते ही भांसी क्षेत्र के जवान तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में चल रहा उपचार

घायलों में कुछ को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा और अन्य को बचेली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का उपचार जारी है।

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

Back to top button