रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि मंडल की राज्यपाल अनुसुइया उइके के साथ चर्चा खत्म हो गई है। भाजपा के प्रतिनिधिमंडल और राज्यपाल की चर्चा करीब 45 मिनट तक चली। राज्यपाल से चर्चा करने के बाद भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। भाजपा के प्रतनिधि मंडल ने आरोप लगाया है कि 1 करोड़ 30 लाख लोगों को होने वाले वैक्सीनेशन की जानकारी नहीं मिल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल समेत सांसद-विधायको ने राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात की। राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात कर उन्होंने प्रदेश के वर्तमान हालातों पर चर्चा की।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कहा कि- ‘हमने राज्यपाल को बताया है कि यह सरकार विपक्ष को अपमानित कर रही है। इसके अलावा वैक्सीनेशन में परेशानियों की बात राज्यपाल के सामने रखी गई है। हिंदुस्तान के अन्य राज्य वैक्सीन खरीद रहे हैं तो ऐसे में छत्तीसगढ़ को क्या परेशानी है क्यो पैसे बचा रहे हैं।’ उन्होंने आगे कहा- ‘मुख्यमंत्री ने आपदा को अवसर में बदला है इसका निकृष्ट उदाहरण है कि कहीं दस लोगों की मौत हो गई तो भूपेश जी ने शराब बेचनी शुरू कर दी।’ पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि- पूरी दुनिया में एकमात्र सरकार है जो विपक्ष से डरी हुई है। इसके अलावा उन्होंने शराब की होम डिलिवरी के लिए बनी ऑनलाइन साइट के क्रैश होने पर कहा यह पोर्टल हमेशा के लिए क्रैश हो जाए।