दादी प्रकाशमणि जी का जीवन परिचय

*दादी प्रकाशमणि जी का जीवन परिचय*
गरियाबंद भूपेंद्र गोस्वामी आपकी आवाज
दादी प्रकाशमणिजी का जन्म 1922 को हैदराबाद (सिंध) में एक बड़े ज्योतिषी के घर हुआ। दादी प्रकाशमणिजी का बचपन का नाम रामा था। 14 वर्ष की आयु में सन् 1936 में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के साकार संस्थापक प्रजापिता ब्रह्मा के संपर्क में आईं और उन्होंने उसी समय यह निर्णय कर लिया कि अब हमारा जीवन सद्गुणों से मुक्त ईश्वरीय सेवा के लिए रहेगा। ब्रह्मा बाबा दादी जी की कोमल और पवित्र जीवन को देखकर उन्हें बहुत प्यार से “कुमारका” कहकर बुलाते थे। आलमाइटी बाबा ने दादी जी को “प्रकाशमणि” नाम दिया।
स्वपरिवर्तन से विश्व परिवर्तन की संकल्पता के साथ संस्था की आध्यात्मिक क्रांति के अभियान से जुड़ते हुए स्वयं को ईश्वरीय कार्य हेतु समर्पित करने वाली दादी प्रकाशमणि को देश-विदेश में ईश्वरीय संदेश देने का सुअवसर प्राप्त हुआ। सही अर्थों में इस धरा पर देवदूत के रूप में उभरीं दादी ने 1969 में ब्रह्मा बाबा के अव्यक्त होने पर संस्था की प्रशासिका के रूप में कार्यभार संभाला।
अपनी नैसर्गिक प्रतिभा, दिव्य दृष्टि, सहज वृत्ति और मन-मस्तिष्क के विशेष गुणों के बलबूते पर दादी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस संस्था की न केवल पहचान स्थापित की बल्कि इसके अद्भूत विकास का करिश्मा भी कर दिखाया।
दादीजी सदैव स्वयं को ट्रस्टी और निमित्त समझकर चलती थीं। शांतिदूत पुरस्कार तथा मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें डॉक्टरेट खिताब दिया गया। दादीजी मूल्यों के साथ-साथ स्वस्थ एवं स्वच्छ प्रकृति की भी पक्षधर थीं।
दादीजी का यह आध्यात्मिक प्रकाश निरंतर पूरे विश्व को आलोकित करते हुए 25 अगस्त 2007 को इस देह को त्याग कर संपूर्णता को प्राप्त हुआ।