दिल्ली अब दूर नहीं: सरगुजा को मिली बड़ी रेल सौगात
अम्बिकापुर से हजरत निजामुद्दीन के लिए अब सप्ताह में दो दिन चलेगी एक्सप्रेस, सांसद चिंतामणि महाराज ने दिखाई हरी झंडी
अम्बिकापुर, 06 अक्टूबर 2026
सरगुजा संभाग के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अम्बिकापुर से दिल्ली के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन अब सप्ताह में एक दिन की जगह दो दिन चलेगी।
आज मंगलवार सुबह 7:30 बजे अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन से सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने हरी झंडी दिखाकर द्वितीय साप्ताहिक ट्रेन को रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों से मुलाकात की, पुष्प भेंट कर सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
नया टाइम-टेबल
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के अनुसार –
गाड़ी संख्या 22407 अम्बिकापुर – हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस
अब प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को सुबह 7:30 बजे अम्बिकापुर से रवाना होगी।
गाड़ी संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन – अम्बिकापुर एक्सप्रेस
प्रत्येक रविवार और मंगलवार को रात 11:00 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना होगी।
सेवा की आवृत्ति बढ़ने से न केवल अम्बिकापुर बल्कि पूरे मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। पहले दिन ही रायगढ़, जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री इस ट्रेन से यात्रा करने पहुंचे।
लंबे समय की मांग हुई पूरी
सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने कहा कि अम्बिकापुर से दिल्ली के लिए सप्ताह में दो दिन ट्रेन चलाने की मांग सरगुजा संभाग की लंबे समय से थी। पहले सप्ताह में एक ही दिन ट्रेन होने से सभी यात्रियों को सुविधा नहीं मिल पाती थी। अब अतिरिक्त फेरा शुरू होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने इस सुविधा के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति सरगुजा की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
डीआरएम श्री राकेश रंजन ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की मांग पर रेल मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है।
अम्बिकापुर स्टेशन का होगा कायाकल्प
डीआरएम श्री रंजन ने बताया कि अम्बिकापुर रेलवे स्टेशन में यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से चल रहा है। स्टेशन में नया प्लेटफॉर्म, रेलवे लाइनों का विस्तार, बड़ा फुट ओवर ब्रिज (FOB) और कोचिंग सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है। भविष्य में यहां से और अधिक ट्रेनों के संचालन को देखते हुए अधोसंरचना मजबूत की जा रही है।
नगर निगम महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने कहा कि इस सीधी रेल सेवा से दिल्ली जाने वाले छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और आम नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के लिए आवागमन आसान होगा।
इस अवसर पर डीसीएम श्री एस. भारतीयन, एसआर डीसीएम श्री अहूजा, पार्षद श्री आलोक दुबे, पार्षद श्री रविकांत उरांव, श्री भारत सिंह सिसोदिया, श्रीमती अरुणा सिंह, श्री विनोद हर्ष सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

