शादी के घर में पसरा मातम, घर के बाहर सो रहे लोगों को लोडर ने कुचला, 5 की मौत
चित्रकूट:
जानकारी के अनुसार, सभी एक शादी के लिए रिश्तेदारों के घर आए हुए थे और शादी समारोह में शामिल होने वाले थे। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम किया। सड़क हादसा शनिवार सुबह हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई है। मौके पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी पहुंचे। लोगों ने हाईवे जाम कर जमकर हंगामा किया। लोगों को समझाया गया और शवों को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। घयलों को स्थानीय जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। मौके पर पहुंची पुलिस आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करने में लगी। साथ ही आस-पास के लोगों से दुर्घटना की जानकारी ली जा रही है।
बताया जा रहा है कि रौली कल्याणपुर में टमाटर से भरा एक लोडर जा रहा था। शनिवार सुबह मंडी की ओर आ रहे लोडर का संतुलन बिगड़ा और भरतकूप थाना क्षेत्र के रौली कल्याणपुर में घर के बाहर सो रहे लोगों को कुचलता चला गया। हादसे में पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। लोगों के ऊपर से लोडर गुजरते देख वहां हाहाकार मच गया। चीख सुनकर घरों से लोग बाहर निकल आए। हादसे की जानकारी पुलिस को दी। वहीं आक्रोशित लोगों ने हंगामा भी किया।




