दुर्गा पूजा के बीच मुख्य बाजार की सड़कों की मरम्मत की पहल व्यापारियों ने जताया आभार

व्यापारी कल्याण संघ की मांग पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने दिखाई सकारात्मक पहल

**किरंदुल।** किरंदुल के मुख्य बाजार में जर्जर एवं टूटी-फूटी सड़कों की समस्या को लेकर बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ द्वारा नगर पालिका प्रशासन को सौंपे गए पत्र का सकारात्मक असर देखने को मिला है। दुर्गा पूजा के दौरान बाजार की सड़कों की मरम्मत की पहल पर व्यापारी संघ ने नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, नगर प्रशासन एवं संबंधित वार्ड पार्षदों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है।
व्यापारी कल्याण संघ ने अपने पत्र में बताया था कि मुख्य बाजार में जगह-जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हैं। गड्ढों के कारण व्यापारियों, ग्राहकों और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गा पूजा के दौरान बाजार में लोगों की आवाजाही बढ़ने से इन समस्याओं का समाधान और भी जरूरी हो गया है। टूटी सड़कों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, वहीं व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित होती हैं।
संघ ने जनहित और व्यापारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका प्रशासन से बाजार की क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग की थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए मरम्मत की दिशा में सकारात्मक पहल किए जाने पर व्यापारियों ने संतोष व्यक्त किया है।
बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को समझकर समय पर सकारात्मक कदम उठाना सराहनीय है। इससे बाजार में आने वाले ग्राहकों और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी तथा त्योहार के दौरान आवागमन सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
संघ ने उम्मीद जताई कि नगर पालिका प्रशासन भविष्य में भी नगर के विकास, साफ-सफाई, सड़क सुधार और व्यापारियों की सुविधाओं से जुड़े विषयों पर इसी तरह संवेदनशीलता के साथ कार्य करेगा।

**बैलाडीला व्यापारी कल्याण संघ, किरंदुल** ने नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह, नगर प्रशासन एवं संबंधित वार्ड पार्षदों का पुनः धन्यवाद व्यक्त करते हुए जनहित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

Back to top button