दुर्ग में तंदुला नहर में मिला अज्ञात महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस

दुर्ग। डुंडेरा गांव के पास शनिदेव मंदिर के नजदीक तंदुला नहर में रविवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नहर के पास से गुजर रहे लोगों ने पानी में शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। महिला की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों और अन्य थानों से संपर्क कर महिला के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों को भी खंगाला जा रहा है।

कहीं और से बहकर आने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि शव नहर के किसी दूसरे हिस्से से बहकर डुंडेरा के पास पहुंचा हो सकता है। आसपास के लोगों से पूछताछ के बावजूद महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के जिलों में भी सूचना भेजकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया है।

फिलहाल महिला की मौत किस वजह से हुई, यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।

इसी नहर में कुछ दिन पहले कबड्डी खिलाड़ी की हुई थी मौत

तंदुला नहर में इस महीने तेज बहाव के कारण एक और हादसा हो चुका है। 12 सितंबर को उतई थाना क्षेत्र के सेलूद भाठापारा में रायपुर से आए 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव तेज बहाव में बह गए थे। एसडीआरएफ की टीम ने अगले दिन उनका शव बरामद किया था।

लगातार बारिश के कारण क्षेत्र के जलस्रोतों में पानी का स्तर बढ़ा हुआ है। 26 सितंबर को बालोद जिले में तंदुला जलाशय के छलकने की भी सूचना सामने आई थी। ऐसे में नहर में तेज बहाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों को जलस्रोतों के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत बताई जा रही है।

Back to top button