दुर्ग: GPF की राशि जारी करने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार
एसीबी की ट्रैप कार्रवाई में जल संसाधन विभाग का सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी रंगे हाथ पकड़ा गया
दुर्ग। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दुर्ग में जल संसाधन विभाग के सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विभागीय कर्मचारी से जीपीएफ (GPF) की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
GPF निकालने के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के अनुसार, विभाग में पदस्थ कर्मचारी नंदकुमार ने अपने बेटे की शादी के लिए सामान्य भविष्य निधि (GPF) खाते से 5 लाख रुपये निकालने का आवेदन दिया था। आरोप है कि आवेदन पर कार्रवाई करने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि रायपुर से पहुंची ACB टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी को पूछताछ के लिए दुर्ग सर्किट हाउस लाया गया है, जहां आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।
ACB की अपील
एंटी करप्शन ब्यूरो ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल ACB को दें। विभाग का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


