
जशपुर बगीचा 25 जनवरी 2024। देश की आजादी के एक दिन पहले आज गुरुवार को जशपुर जिला अंतर्गत विकासखंड बगीचा में सद्भावना दौड़ का आयोजन किया गया। ये दौड़ थी देश की एकता और अखंडता के लिए। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम के अपने प्राणों को न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों की याद में। दौड़ में अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि गण आम नागरिक गण तथा स्कूली छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
– स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित हुई इस सद्भावना दौड़ को भाजपा जिला उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता और बगीचा नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. सीडी बाखल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दौड़ हाई स्कूल खेल ग्राउंड से शुरू होकर बस स्टैंड चौक पहुंची। उसके बाद फिर वहां से बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पास पहुंचकर इसका समापन हुआ।
– इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि देश को आजादी दिलाने में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, क्रांतिकारियों, आजादी के असंख्य दीवानों और नागरिकों की अविस्मरणीय भूमिका रही है। देश के वीर सपूतों की शहादत को याद करने आज इस दौड़ में शामिल होना हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।
इस दौड़ में विकासखंड शिक्षा अधिकारी एम आर यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शंकर गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ सीडी बाखला, नगर पंचायत उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, एसडीओ आर.ई.एस. बगीचा मनोज कुजूर, मंडल संयोजक बसंत गिरही, बगीचा थाना प्रभारी श्री सोनवानी, दव मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल बगीचा के प्राचार्य उदय पांडे, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय बगीचा के प्राचार्य सुदर्शन पटेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आम नागरिक एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।