देहरादून नेशनल कराटे चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ की बेटी जास्मिन का जलवा, जीते दो गोल्ड मेडल

देहरादून में 10 मई को आयोजित नेशनल कराटे चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के ग्राम छड़िया की छात्रा जास्मिन कोशले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक हासिल किए। जास्मिन ने कराटे और कुमिते दोनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेश और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

देशभर से आए खिलाड़ियों के बीच हुए इस मुकाबले में जास्मिन ने बेहतरीन खेल कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

गांव की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का मान

जास्मिन कोशले, धन्नु कोशले की पुत्री हैं और शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पचरी में अध्ययनरत हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की है।

जनप्रतिनिधियों ने किया सहयोग

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए जास्मिन को जनपद पंचायत तिल्दा के अध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे तथा ग्राम पंचायत छड़िया की सरपंच सरिता उगेंद्र देवांगन द्वारा सहयोग प्रदान किया गया। उनके सहयोग से जास्मिन राष्ट्रीय प्रतियोगिता तक पहुंच सकीं।

शिक्षकों और अधिकारियों ने दी बधाई

जास्मिन की उपलब्धि पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी आरपी दास, विद्यालय के प्राचार्य अशोक कुमार कोशले तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छड़िया के प्रधान पाठक धीरेंद्र कुमार वर्मा ने खुशी जताई। सभी ने जास्मिन को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

जास्मिन की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकते हैं।

Back to top button