दोषी पर कार्रवाई की मांग:हत्या के शक पर जांच की मांग एसपी ऑफिस के सामने प्रदर्शन

प्लांट के ठेका कर्मी की संदेहास्पद मौत के बाद शुक्रवार दोपहर मृतक के परिजन व मोहल्ले के लोग रैली निकालकर जिला अस्पताल से एसपी ऑफिस के बाहर पहुंचे और धरना दिया। लोगों ने हत्या की शंका जाहिर कर दोषी पर कार्रवाई की मांग की। शाम को पुलिस अफसरों ने उसे समझाकर वापस भेजा। हालांकि परिजन जांच होने तक शव नहीं लेने की बात पर अड़े रहे। शव जिला चिकित्सालय के मॉर्चरी में रखा रहा।

खरसिया थाना क्षेत्र के मकरी का रहने वाला अजय यादव लगभग 17 दिनों से जेएसपीएल में काम करने वाली एक ठेका कंपनी के साथ काम करता था। गुरुवार सुबह वह ड्यूटी पर गया था। दोपहर को उसका शव जेएसपीएल के गेट नंबर चार के बाहर गोरखा रोड वाले छोर पर मिला। पुलिस ने शाम को परिजन को फोन पर यह सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। शव पर चोट के निशान नहीं थे।

परिजन ने कहा कि सड़क हादसा नहीं है, किसी ने हत्या की है। पुलिस ने शव को पोस्मार्टम के लिए भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम हुआ। मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी। पोस्टमार्टम के बाद जब परिजन को मौत का कारण नहीं बताया गया तो परिवार के साथ ही गांव के लोगों ने पैदल मार्च किया और एसपी ऑफिस पहुंचे।

पुलिस अफसरों ने समझाया कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा, फिर कार्रवाई कर सकेंगे। अभी पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। लोग नहीं माने, कहा कि लगाया कि अजय जिस ठेका कंपनी में काम करता था उस के सुपरवाइजर और कर्मचारी हादसे के बाद इधर-उधर घूम रहे हैं, उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाए। आखिर में पुलिस के समझाने पर वे लौटे लेकिन शव ले जाने से इनकार कर दिया। परिजन ने कहा, जब मौत की वजह का पता चले, कार्रवाई हो तभी शव ले जाएंगे।

Share This Article
Leave a review