छत्तीसगढ़ के कई जिलों में लू का अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
रायगढ़, 21 मई 2026।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए बचाव संबंधी निर्देश
कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने लू से बचाव, उसके लक्षण और प्राथमिक उपचार को लेकर विस्तृत एडवाइजरी जारी की है।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान नागरिकों को बिना जरूरत धूप में निकलने से बचना चाहिए। घर से बाहर निकलते समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। हल्के रंग के सूती और ढीले कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
धूप में निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छतरी से ढंककर रखने की अपील की गई है। साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए नियमित रूप से पानी, छाछ, लस्सी, ओआरएस घोल, नींबू पानी और आम का पना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है।
लू के ये लक्षण दिखें तो तुरंत रहें सतर्क
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सिरदर्द, तेज बुखार, उल्टी, अत्यधिक पसीना, कमजोरी, शरीर में ऐंठन, चक्कर आना, बेहोशी और नब्ज का असामान्य होना लू के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं।
ऐसी स्थिति में प्रभावित व्यक्ति को तुरंत छायादार स्थान पर लिटाना चाहिए। उसके कपड़े ढीले कर ठंडे पानी की पट्टियां रखनी चाहिए, ताकि शरीर का तापमान कम किया जा सके।
इसके अलावा मरीज को पानी, ओआरएस घोल या कच्चे आम का पना जैसे तरल पदार्थ पिलाने की सलाह दी गई है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप में खाली पेट बाहर न निकलें। ज्यादा मिर्च-मसालेदार और बासी भोजन से परहेज करें।
विशेषज्ञों ने कहा है कि कूलर या एसी से निकलकर अचानक तेज धूप में जाने से भी बचना चाहिए, क्योंकि इससे शरीर पर गर्मी का असर तेजी से पड़ सकता है।
यदि किसी व्यक्ति की स्थिति गंभीर हो जाए तो उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाकर चिकित्सकीय सहायता लेना जरूरी है।
लापरवाही न बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि गर्मी और लू को हल्के में न लें तथा बचाव संबंधी उपायों का पालन कर खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखें।



