धनगांव बना धर्मधाम, रामध्वनि का स्वर्ण जयंती महोत्सव शुरू आज होगा समापन

बेमेतरा। ग्राम धनगांव इन दिनों धर्मधाम बना हुआ है। यहाँ रामध्वनि के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण जयंती समारोह एवं राज्य स्तरीय भव्य रामधुनी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 

दो दिवसीय आयोजन – यह कार्यक्रम 29 और 30 सितंबर को ग्राम धनगांव में रखा गया है। आयोजन रामभक्त श्री हनुमान जी महाराज के सानिध्य में हो रहा है, जिसमें 110 रामधुनी मंडलियां प्रस्तुति दे रही हैं। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 1 लाख 1 रुपये तक रखा गया है, अन्य पुरस्कार 11,000 रुपये से शुरू हैं। मंडलियों के लिए पंजीयन शुल्क 5100 और 3100 रुपये निर्धारित है।

शुभारंभ कलश यात्रा से – कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से हुआ। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पीले, केसरिया और लाल साड़ियों में सिर पर कलश लेकर गांव में शोभायात्रा निकाली, जिसके बाद पूरे पंडाल में रामध्वनि गूंज उठी। 

शहीदों को श्रद्धांजलि – इस बार का आयोजन विशेष है। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में 2002 से 2026 के बीच नक्सली हिंसा में शहीद हुए 1253 वीर जवानों की स्मृति और श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित है। 

संरक्षक और अतिथि – इस धार्मिक आयोजन के संरक्षक गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष संत राजीव लोचन दास जी महाराज हैं, जिन्होंने स्वयं धनगांव को अपनी जन्मभूमि और पवित्र धाम बताया। कार्यक्रम का उद्घाटन उन्हीं के द्वारा किया गया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शामिल होने की संभावना है। 

पंडाल में राज्य भर से पहुंची मंडलियों के भजनों से पूरा गांव राममय हो गया है। आयोजक समिति ने सभी रामभक्तों से दर्शन के लिए पहुंचने की अपील की है।

Back to top button