धमतरी में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार; 80 पौवा शराब जब्त
कोतवाली, कुरूद और अर्जुनी पुलिस ने अलग-अलग मामलों में की कार्रवाई, 23 हजार से अधिक का सामान जब्त
धमतरी, 3 अक्टूबर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली, कुरूद और अर्जुनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 80 पौवा देशी शराब, बिक्री की नकदी और एक मोटरसाइकिल समेत करीब 23,170 रुपये का सामान जब्त किया है।
कोतवाली पुलिस ने शराब परिवहन के आरोप में पकड़ा
कोतवाली पुलिस ने नहरपार नहर नाका के पास कार्रवाई करते हुए आमापारा कोलियारी निवासी गौरव नेताम उर्फ चाड़ी को कथित रूप से अवैध शराब परिवहन करते पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 32 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत करीब 2,840 रुपये है, बरामद की गई। शराब परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक CG-05-AF-7765 भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अपराध क्रमांक 238/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) में कार्रवाई की गई।
कुरूद पुलिस ने 32 पौवा शराब जब्त की
दूसरी कार्रवाई कुरूद पुलिस ने उमरदा ओवरब्रिज से चर्रा शराब भट्ठी के बीच रामसागर तालाब के पास की। पुलिस ने बरपारा, नगरी निवासी रेश कुमार सोनकर को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री करते पकड़ा।
उसके पास से 32 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 3,520 रुपये बताई गई है, तथा शराब बिक्री से प्राप्त 200 रुपये नकद जब्त किए गए। मामले में अपराध क्रमांक 328/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई।
अर्जुनी पुलिस की कार्रवाई में 16 पौवा शराब बरामद
अर्जुनी पुलिस ने सांकरा मुख्य नहर के पास कार्रवाई करते हुए पीपरछेड़ी, गागरा निवासी उमेश चेलवानी को अवैध शराब बिक्री के आरोप में पकड़ा।
पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 16 पौवा देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत 1,280 रुपये है, और बिक्री की रकम 330 रुपये बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 140/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ब) में कार्रवाई की गई।
न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजे गए आरोपी
पुलिस के अनुसार तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजा गया है। पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
