धरमजयगढ़ में कबाड़ दुकान पर पुलिस की दबिश, 800 किलो स्क्रैप और पिकअप जब्त

रायगढ़। चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और अवैध कबाड़ कारोबार पर कार्रवाई के तहत धरमजयगढ़ पुलिस ने पीपरमार चौक स्थित एक कबाड़ दुकान में दबिश दी। पुलिस ने मौके से करीब 800 किलो लोहे और टीन का स्क्रैप तथा एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त सामान की कीमत करीब 50 हजार रुपये, जबकि पिकअप की कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े को क्षेत्र में अवैध कबाड़ के कारोबार की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर मुखबिर से मिली जानकारी के बाद पुलिस टीम ने गवाहों के साथ पीपरमार चौक स्थित दुकान पर कार्रवाई की।

मौके पर मिले व्यक्ति ने अपना नाम मनतोष यादव (30), निवासी नीचेपारा, धरमजयगढ़ बताया। दुकान की जांच के दौरान करीब 500 किलो लोहे और टीन का स्क्रैप मिला। इसके अलावा पिकअप क्रमांक CG 13 AB 6317 में करीब 300 किलो कबाड़ लदा पाया गया।

पुलिस ने कुल करीब 800 किलो स्क्रैप और पिकअप वाहन को जब्त कर लिया। मामले में पुलिस ने धारा 35(क-ड) BNSS और 303(2) BNS के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार जिले में चोरी के माल की खरीद-बिक्री और उसकी खपत रोकने के लिए कबाड़ कारोबार पर निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। कार्रवाई में एएसआई सुरेंद्र वर्मा, प्रधान आरक्षक श्यामदेव साहू और आरक्षक ललित राठिया शामिल रहे।

Back to top button