
खरसिया भाजपा कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि एवं सिविल अस्पताल में किया गया फल वितरण
रायगढ़। जननेता स्व. रोशन लाल की 5वीं पुण्यतिथि पर खरसिया नगर और महका मंडल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय खरसिया में उनको याद करते हुए श्रद्धांजलि दी और सिविल अस्पताल खरसिया में मरीजों को फल वितरण किया गया। जिसमें अनेक कार्यकर्ताओं ने उनके किए कार्यों को स्मरण किया और कहा कि ऐसे नेता को हम कभी नहीं भूल पाएंगे।
पूर्व प्रदेश महामंत्री गिरधर गुप्ता ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे परम मित्र जननेता स्व. रोशनलाल अग्रवाल को क्षेत्र आज भी उनकी सादगी, कर्मठता, स्पष्टवादिता और जनसेवा के प्रति अटूट समर्पण के कारण याद करता है। और आगे भी याद करता रहेगा। हम उसको कभी नही भूल पाएंगे। वे ऐसे जननेता थे, जो आमजन की समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुनते थे, बल्कि उनके त्वरित समाधान के लिए सदैव सक्रिय रहते थे। विशेषकर किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों के हितों के लिए उनका संघर्ष क्षेत्र की राजनीति में एक मिसाल के रूप में देखा जाता है।
वरिष्ठ भाजपा नेता बजरंग अग्रवाल ने अपने संस्मरण मे कहा कि विधायक रहते हुए रोशन भैया ने कृषि, सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के विस्तार हेतु कई महत्वपूर्ण पहलें कीं। वे किसानों की समस्याओं को लेकर मंडी, प्रशासन और शासन स्तर तक लगातार संवाद बनाए रखते थे। उनकी यही सक्रियता और जमीनी पकड़ उन्हें जनता के बीच एक लोकप्रिय और भरोसेमंद नेता बनाती थी।
श्रद्धांजलि सभा में प्रमुख सभी वक्ताओं ने अपनी अपनी संस्मरण साझा किया और जननेता रोशनलाल अग्रवाल के जीवन पर प्रकाश डाला इनका जीवन चीरकाल तक लोगों को प्रेरणा देता रहेगा। इसके बाद सिविल अस्पताल पहुंचकर मरीजों को फल वितरण किया गया। जिसमें बडी संख्या में कार्यकर्ता समर्थक एवं प्रशंसक पहुचकर रोशनलाल अग्रवाल के याद में फल वितरण किया।




