
नगर निगम सीमा में शामिल गांवों में विकास कार्यों के लिए मिला 15 करोड़…
दिलीप कुमार वैष्णव@ आपकी आवाज
बिलासपुर छत्तीसगढ़ – नगर निगम सीमा में जुड़े नए 18 गांव में विकास की रफ्तार अब तेज होने वाली है. महापौर रामशरण यादव की पहल पर नगरी प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर पालिक निगम बिलासपुर को अधोसंरचना विकास कार्य के लिए ₹15 करोड़ की स्वीकृति दे दी है. अब इस राशि से नगर निगम में जुड़े नए ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डों में 201 कार्य कराए जाएंगे. जिस में सीसी रोड, नाली, ऑटोमेटिक आग्रेनिक कंपोस्ट मशीन, आरसीसी कव्हर ड्रन, सी.आर. मेसोनरी वाल कार्य,प्री कास्ट स्लैब, पाइप लाइन विस्तार कार्य, सी सी रोड मरम्मत कार्य कराया जाएगा. महापौर ने बताया कि नगर निगम में 18 गांव को शामिल किया गया था. जहां बिजली, सड़क, नाली पानी की समस्या थी. इसलिए नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया को प्रस्ताव बनाकर विकास कार्य के लिए राशि की मांग की गई थी. साथ ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से नगर निगम सीमा में शामिल गांव में सड़के खराब होने और बारिश पर ग्रामीणों को आवागमन में समस्या होने की जानकारी दी थी. बिलासपुर के विकास के लिए 100 करोड रुपए का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था. अभी इसमें से पहली किस्त के रूप में नगर निगम बिलासपुर में जुड़े नए अट्ठारह गांव में विकास कार्य के लिए ₹15 करोड़ की स्वीकृति मिली है. इस राशि से अब क्षेत्र में विकास कार्य कराया जाएगा.
49 लाख 60 हज़ार की लागत से नलकूप और पावर पंप होंगे स्थापित
महापौर रामशरण यादव ने बताया कि सड़क नाली के साथ ही शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की समस्या भी होती है. ऐसे में ₹49 लाख 60 हज़ार रुपए की लागत से शहर में नलकूप खनन के साथ ही पावर पंप लगवाए जाएंगे. साथ ही 27 लाख 56 हज़ार रुपए की लागत से जॉन क्रमांक 7 में 100/150 एमएम डीआई तथा 50 एम एम जी आई पाइप लाइन विस्तार कराया जाएगा ताकि शहर में पेयजल की समस्या दूर हो सके।
यहां होगा विकास
15 करोड़ रुपए मिलने के बाद अब खमतराई, बहतराई, बिरकोना ,लिंग्याडीह, मोपका, राजकिशोर नगर ,घुरू, अमेरी, सकरी, उसलापुर, सिरगिट्टी, परसदा, तिफरा, देवरीखुर्द सहित अन्य बिलासपुर नगर निगम में जुड़े नए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य किए जाएंगे।
