
किरंदुल=आज दिनांक 13 फरवरी 2026 (बुधवार) को नगर पालिका के सभा कक्ष में नगर पालिका परिषद की सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत संचालित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। साथ ही लंबे समय से रुके हुए विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने को लेकर भी आवश्यक चर्चा की गई।
बैठक के पश्चात महिला बाल विकास विभाग दंतेवाड़ा से आए कर्मचारी कुमारी अमिता लकड़ा द्वारा बाल विवाह की रोकथाम विषय पर जानकारी दी गई। उन्होंने बाल विवाह के सामाजिक दुष्प्रभावों, बच्चों के अधिकारों तथा कानून संबंधी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि बाल विवाह समाज के लिए एक गंभीर समस्या है, जिसे जड़ से समाप्त करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य के लिए बाल विवाह पर रोक लगाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारि से अपील की कि वे अपने-अपने वार्डों एवं नगर में सतत निगरानी रखते हुए किसी भी संभावित बाल विवाह की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।
कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, उपाध्यक्ष बबलू सिद्दकी, सीएमओ शशि भूषण महापात्र, सभी पार्षदगण एवं उपस्थित कर्मचारियों द्वारा बाल विवाह के रोकथाम हेतु शपथ ली गई तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।




