नवा रायपुर : आसमान में सारंग टीम के हैरतअंगेज करतब, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने देखी वायुसेना की फुल ड्रेस रिहर्सल
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के सेंध लेक के आसमान में भारतीय वायुसेना के शौर्य और उड़ान कौशल का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम की फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल हुए। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडो और सारंग हेलीकॉप्टर टीम ने अपने रोमांचकारी करतबों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
पांच हेलीकॉप्टरों ने दिखाई अद्भुत उड़ान क्षमता
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टरों का प्रदर्शन रहा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में पायलटों ने आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और जोखिम भरे करतब दिखाए। हेलीकॉप्टरों के एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाले क्रॉसओवर करतब ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
मुख्यमंत्री साय ने पायलटों के साहस, अनुशासन और आपसी तालमेल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रदर्शन के पीछे कठिन प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
आकाशगंगा टीम ने पैराशूट से दिखाई ताकत
हवाई प्रदर्शन की शुरुआत भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके साहस और नियंत्रण को देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया।
गरुड़ कमांडो ने किया रेस्क्यू और कॉम्बैट प्रदर्शन
इसके बाद गरुड़ कमांडो ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन किया। जवानों ने सेंध लेक के सामने बचाव और युद्धक अभियान का नमूना प्रस्तुत किया। इस दौरान उनकी तेजी, सटीकता और विशेष प्रशिक्षण की झलक देखने को मिली।
कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’
प्रदर्शन के दौरान सारंग टीम के ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष कर प्रदेशवासियों का अभिवादन किया। इससे कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों का उत्साह और बढ़ गया।
हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में ‘वंदे मातरम्’ की धुन के बीच हेलीकॉप्टरों ने तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन बनाई। इस दृश्य ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
2 नवंबर को होगा मुख्य हवाई प्रदर्शन
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम की फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद 2 नवंबर को सेंध लेक में सारंग टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन होगा। इसमें आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम और गरुड़ कमांडो भी अपने करतब दिखाएंगे।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, वायुसेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि की कामना की।


