नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रेम और शादी का झांसा देकर नाबालिग का शोषण किया।


लेबर कॉलोनी में हुई थी पहचान

पुलिस के मुताबिक बालिका ने अपने परिजनों के साथ थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि स्कूल की छुट्टियों के दौरान वह अपने माता-पिता के पास पूंजीपथरा क्षेत्र की एक लेबर कॉलोनी में आई थी।

इसी दौरान उसकी पहचान पड़ोस में रहने वाले संदीप बंजारे से हुई।


शादी का झांसा देकर करता रहा शोषण

बालिका के अनुसार आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे अपने कमरे में बुलाया और जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी कई बार उसे डरा-धमकाकर शोषण करता रहा और किसी को जानकारी नहीं देने की बात कहता था।


परिजनों के पहुंचने पर खुला मामला

पुलिस के अनुसार हाल ही में आरोपी ने बालिका को नए लेबर क्वार्टर में बुलाया था। इसी दौरान परिजन वहां पहुंच गए और दोनों को देख लिया।

इसके बाद बालिका की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।

पुलिस ने आरोपी संदीप बंजारे निवासी जिला सक्ती को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया।

इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


Back to top button