नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सहयोगी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी अब भी फरार

बेमेतरा। जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक सहयोगी आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी पर आरोप है कि उसने पीड़िता के फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके अलावा 19 मई 2026 की रात वह अपने एक साथी के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाने लगा। जब पीड़िता ने आने से मना किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और मौके से फरार हो गया।

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पीड़िता की शिकायत के आधार पर नवागढ़ थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

सहयोगी आरोपी ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी के सहयोगी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने मुख्य आरोपी की मदद करने की बात स्वीकार कर ली। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

मुख्य आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, नाबालिग से जुड़े इस गंभीर मामले में पुलिस की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

Back to top button