युवती का पीछा करते हुए उसके घर में घुस गए बदमाश, विरोध करने पर परिजनों को लोहे की रॉड से पीटा
नई दिल्ली:
[img-slider id="274450"]
देश की राजधानी दिल्ली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. राष्ट्रीय राजधानी के मुखर्जी नगर इलाके से नशे में धुत कुछ लड़कों ने एक परिवार के 6 सदस्यों की लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी. यह घटना मंगलवार की बताई जा रही है. जहां पर कुछ बदमाश एक युवती का पीछा करते हुए उसके घर में घुस गए और उसके साथ बदसलूकी करने लगे. इस पर जब लड़की के परिजनों ने विरोध किया, तो सभी युवक उसके साथ गाली गलौच करने लगे, और वहां से चले गए.
पीड़ित परिवार और सोसाइटी के लोग आरोपी लड़कों को खोजते हुए बत्रा सिनेमा के पास पहुंचे. तो उन्होंने देखा कि सभी युवक शराब पी रहे थे और नशे में धुत थे. फिर सभी युवकों ने मिलकर त्यागी परिवार के लोगों की बुरी तरह पिटाई कर दी. जिसमें कई लोगों को गंभीर चोट आई है. घटना की शिकायत मुखर्जी नगर थाना पुलिस में दी गई. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की.
पीड़ित परिवार का कहना है कि वो उपचार के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल तक घूमते रहे, मगर बड़ी मुश्किल से सेंट स्टीफन हॉस्पिटल में उनका उपचार हुआ. इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार के लोग काफी खौफ में है. वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.



