पटना में खान सर पर FIR: हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, कोचिंग से फायरिंग का वीडियो आने के बाद पुलिस की कार्रवाई

पटना में मशहूर शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कदमकुआं थाने में खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह पूरी कार्रवाई उनकी कोचिंग से फायरिंग का एक वीडियो सामने आने के बाद की गई है। इस एफआईआर में पुलिस के बयान के आधार पर खान सर को नामजद आरोपी बनाया गया है।

आत्मरक्षा में की गई थी फायरिंग: खान सर

इस पूरे मामले पर खान सर का कहना है कि गोलीबारी पूरी तरह से आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) में की गई थी। दरअसल, 2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग संस्थान पर हमला हुआ था। इस घटना के दौरान उनके बॉडीगार्ड्स द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और इस सिलसिले में खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।

पहले पुलिस की तारीफ की, अब देरी से पहुंचने का लगाया आरोप

हमले वाले दिन खान सर ने पुलिस प्रशासन की जमकर तारीफ की थी, लेकिन अब उन्होंने पुलिस के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है। गार्ड्स की फायरिंग वाले वीडियो पर सफाई देते हुए खान सर ने कहा कि उस वक्त वहां मारपीट हो रही थी। उन्हें मालूम था कि पुलिस को मौके पर पहुंचने में थोड़ा समय लगेगा, क्योंकि पुलिस वहां उड़कर तो नहीं आ सकती थी। इसीलिए गार्ड्स ने आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तक पुलिस नहीं आई थी, तब तक बॉडीगार्ड को क्या करना चाहिए था? गार्ड इसीलिए रखे जाते हैं ताकि मुसीबत के समय लोगों की जान बचा सकें।

क्लासरूम का वीडियो आया सामने, बच्चों से बोले- कोचिंग बंद हुई तो बढ़ जाएगी फीस

इस विवाद के बीच खान सर का एक नया वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह क्लासरूम में बच्चों को अपनी कोचिंग पर हुए हमले की कहानी बता रहे हैं। वह छात्रों को सीसीटीवी फुटेज दिखाकर कह रहे हैं कि जो लोग कोचिंग के गार्ड को घसीटकर ले जा रहे थे, उनकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है और मुख्य मुद्दे से भटकाया जा रहा है। खान सर ने क्लास में बच्चों को बताया कि उनके गार्ड को 20-25 लोगों ने सड़कों पर बेरहमी से पीटा था।

उन्होंने बच्चों से यह भी कहा कि अगर ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ बंद हो गया, तो अगले 6 महीनों में बाकी कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपए तक पहुंच जाएगी। उनका मकसद पैसा कमाना नहीं है। वीडियो के आखिर में खान सर हाथ में एक किताब लेकर आते हैं और कहते हैं कि वह विद्या की कसम खाकर कहते हैं कि उस दिन कोचिंग को बचाने के लिए ही फायरिंग हुई थी।

Back to top button