
मंगलवार 8 मार्च को जहां पूरी दुनिया महिलाओं के सम्मान में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रही है, इस बीच राजस्थान के सीमावर्ती बाड़मेर जिले में महिला तिरस्कार और प्रताड़ना को क्रूर मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता को शादी के कुछ समय बाद ही उसके पति ने दहेज के लिए छोड़ दिया, तो दूसरी ओर उसका पड़ोसी उसे अवैद्य संबध बनाने के लिए परेशान कर रहा था।
इन सब से परेशान होकर विवाहिता ने मौत को गले लगा लिया। मृतका के भाई ने इस संबध में पुलिस में मामला दर्ज कराया है। मृतका के भाई ने पति और परेशान करने वाले पड़ोसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला बाड़मेर जिले के महिला थाने में दर्ज हुआ है।
साल भर पहले शादी, पति ने दहेज के लिए छोड़ा
एसआई किशनाराम ने बताया कि जेती देवी की शादी करीब एक साल पूर्व मीठीसर निवासी मांगाराम के साथ हुई थी। जेती का पति गुजरात में टाईल्स का कारीगर है। बताया गया कि शादी के कुछ समय बाद ही महिला का पति और उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करते थे। जिसके बाद मृतका अपना ससुराल छोड़कर अपने पीहर पक्ष के साथ रहने के लिए अपने गांव गुड़ीसर आ गयी थी, जहां वह अपनी मां और दो भाईयों के साथ रहती थी।
एक तरफा प्यार, संबंध बनाने का दबाव
पुलिस में दर्ज शिकायत में बताया कि महिला गांव के ही एक युवक जसराम से परेशान थी। बताया गया कि युवक उससे एक तरफा प्यार करता था और अवैध संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। आरोपी रोज आते-जाते जेती देवी को परेशान करता था। पुलिस के मुताबिक पति से विवाद और युवक से परेशान होकर महिला ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
घर पर लगा ली फांसी
एसआई किशनाराम ने बताया कि घटना के समय महिला का भाई और उसकी मां बाहर गए थे और घर पर महिला अपनी दो भाभीयों के साथ बैठी थी। इस दौरान वह घर के एक कमरे में गयी और कमरे को अदंर से बंद कर फांसी लगा ली। कुछ समय बाद जेती को फांसी पर लटका देख घर में मौजूद महिलाएं चिल्लाने लगीं।
दहेज प्रताड़ना और के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि मृतका के भाई ने आलमसरिया के रहने वाले वीरमाराम के खिलाफ उसकी बहन को परेशान करने का मामला दर्ज करवाया है। इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने महिला के पति के खिलाफ भी दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज करवाया था।
किशनाराम के मुताबिक मृतका के भाई की रिपोर्ट पर जस्साराम के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, मृतका के पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज है। मामले की जांच डीएसपी दीपक कुमार कर रहे है।