पत्रकार सुरक्षा कानून पूर्ण रूप से लागू करने की मांग, श्रमजीवी पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
सारंगढ़-बिलाईगढ़।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी, प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राई, प्रदेश उपाध्यक्ष अब्बास अली सैफी एवं मनोज मिश्रा के निर्देशन में जिला अध्यक्ष गोल्डी नायक तथा ब्लॉक अध्यक्ष गोपेश रंजन द्विवेदी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि पत्रकार सुरक्षा कानून विधानसभा से पारित होने तथा बजट में प्रावधान होने के बावजूद अभी तक पूरी तरह लागू नहीं हो सका है। इसके कारण मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकार स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
संघ ने अपनी विज्ञप्ति में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में शासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। विशेष रूप से नवगठित जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ में पत्रकार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने ला रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जनहित से संबंधित समाचारों के प्रकाशन के बाद पत्रकारों के विरुद्ध दुर्भावनापूर्ण शिकायतों और कानूनी कार्रवाइयों की घटनाएं बढ़ रही हैं। संघ का कहना है कि कई मामलों में निष्पक्ष जांच से पूर्व ही एफआईआर दर्ज होने की शिकायतें सामने आती हैं, जिससे पत्रकारों के बीच भय और असुरक्षा का वातावरण बनता है।
संघ के अनुसार पत्रकार सुरक्षा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से पत्रकारों के विरुद्ध झूठी एवं दुर्भावनापूर्ण शिकायतों पर नियंत्रण लगेगा, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा मिलेगा तथा फील्ड में कार्यरत पत्रकारों को आवश्यक कानूनी संरक्षण प्राप्त होगा। साथ ही अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों को भी मजबूती मिलेगी।
श्रमजीवी पत्रकार संघ एवं जिले के पत्रकारों ने मुख्यमंत्री से पत्रकारों के हितों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून को तत्काल प्रभाव से प्रदेशभर में प्रभावी रूप से लागू करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष अब्बास अली सैफी, ब्लॉक अध्यक्ष गोपेश रंजन द्विवेदी, राजमणि, राजा खान, केजार अली, सुभाष जायसवाल सहित संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।



