युवा प्रतिभाओं ने बिखेरी साहित्यिक, सांस्कृतिक छटा :-

छुरा गरियाबंद
भूपेंद्र गोस्वामी आपकी आवाज
संपर्क सूत्र=8815207296

छुरा :- खेल एवं युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में विकासखंड स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन शासकीय कचना ध्रुवा महाविद्यालय छुरा प्रांगण पर आयोजित किया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष तोकेश्वरी माझी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष रिंकू सचदेव, शासकीय महाविद्यालय के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष सलीम मेमन, जिला महामंत्री महिला कांग्रेस पुष्पा ध्रुव के आतिथ्य में वीणापाणी मां शारदे एवं युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर तिलक वंदन एवं दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव का आगाज हुआ। तोकेश्वरी माझी ने कहा कि युवा, समाज की रीढ़ है। उन्हें साहित्यिक, सांस्कृतिक क्षेत्रों में भाग लेकर विशिष्ट पहचान बनानी चाहिए। सलीम मेमन ने कहा कि युवा ऊर्जा का अकूत भंडार है। सही दिशा निर्देश एवं मार्गदर्शन से नैतिक विकास संभव है। रिंकू सचदेव ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने हेतु प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के संयोजक नोडल अधिकारी रेवेंद्र दीक्षित ने महोत्सव के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा प्रतिभाओं को तराशने, यथोचित मंच प्रदान करने के लिए प्रतिवर्ष युवा महोत्सव आयोजित किया जाता है। यह उत्सव लोक साहित्य सृजन की आधारशिला है। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि खोमन चंद्राकर नगर पंचायत अध्यक्ष ने की। अध्यक्षता सलीम मेमन ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा पार्षद हरीश यादव, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रितेश दीक्षित मंचासीन रहे। खोमन चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति हुनरमंद होता है। उसे निखारने के लिए समय-समय पर आयोजन होते रहना चाहिए। पारम्परिक वेशभूषा में हमारी संस्कृति का मौलिकता से प्रदर्शन ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। वरिष्ठ लोकगीत गायक से.नि.व्याख्याता के. आर. सिन्हा, संगीतकार चतुर सिंह दीवान, जवाहर नवोदय विद्यालय के संगीत शिक्षक जे एन पांडेय, योगविद कीर्ति तारक ने उपस्थित होकर प्रतिभागियों को उत्साहवर्धन किया। लोक नृत्य में विकासखंड के ख्याति प्राप्त 9 दलों ने भाग लिया जिसमें गुरुकुल आश्रम सिरकट्टी प्रथम और कचना ध्रुवा नर्तक दल द्वितीय स्थान पर रहे। लोकगीत में भरथरी, पंडवानी, बस्तरिहा गीतों के साथ 16 कलाकारों ने शिरकत किया। पंडरीपानीडीह के दिव्यांग कलाकार गोकरण पटेल प्रथम और सुर सुरभि पंडवानी पार्टी की गायिका पूर्णिमा सिन्हा द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एकांकी नाटक में 3 टीम ने भाग लिया जिसमें शासकीय महाविद्यालय के मोहित नागेश एवं साथी द्वारा प्रस्तुत नशा मुक्ति संदेश को प्रथम स्थान दिया गया। शास्त्रीय गायन हिंदुस्तानी शैली में मजे हुए 6 कलाकारों ने जोर आजमाइश किया। स्मृति यदु अव्वल, मोहम्मद सिंतेन रजा द्वितीय पायदान पर रहे। बांसुरी वादन में दो कलाकारों की सहभागिता रही। तबला वादन में रोहन बघेल एवं मनहरन पटेल ने अपने-अपने वर्गों में बाजी मारी। हारमोनियम वादन का मुकाबला दिलचस्प रहा जिसमें झम्मन ठाकुर जटियातोरा प्रथम, प्रांजल द्वितीय स्थान पर रहे। राजकीय गीत पर भरतनाट्यम की भी प्रस्तुति रही। तात्कालिक भाषण में 14 युवाओं ने पंजीयन कराया जिसमें सनातन दुर्गा प्रथम एवं योगेश चक्रधारी दूसरे स्थान पर रहे। 40 प्लस में लोक गीत विधा में पंडवानी गायिका खेमीन निषाद प्रथम, तात्कालिक भाषण में मोहम्मद अनवर विजयी रहे। चित्रकला मे खेमेश विश्वकर्मा प्रथम एवं प्रतीक चौहान द्वितीय स्थान पर रहे। पारम्परिक वेशभूषा में कलाकारों ने मनमोहक कैटवाक कर तालियां बटोरी। क्वीज, निबंध लेखन, वाद विवाद में भी बढ़ चढ़कर भागीदारी रही। फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भौरा की भी प्रतियोगिता संपन्न हुई। युवा उत्सव का सफ़ल एवं प्रेरणादायी संचालन शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा, संकुल समन्वयक संतराम कंवर और खोरबाहरा निषाद ने किया। कार्यक्रम की सफलता में सहायक प्राध्यापक डी पी सिंह, सी एस सिंह, रागिनी ठाकुर, शिक्षक जागेश्वर ध्रुव, खिलेश साहू, बीआर टंडन, राम साहू, श्रीमती सविता दीवान, पुरानिक नागेश, मोहम्मद अनवर, जितेंद्र, रोहन, संतोष, छत्तर, चांदनी, दिव्यानी, देवकी आदि का विशेष रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button