छत्तीसगढ़न्यूज़रायगढ़

पिता की हत्या करने वाला बेटा और साक्ष्य छिपाने वाली बहू गिरफ्तार

आपकी आवाज़ लैलूंगा जिला रायगढ़ (सीजी )


रायगढ़, 15 जून 2025 — लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम मेढरमाल में घरेलू विवाद के चलते हुई हत्या की गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें बेटे द्वारा पिता की हत्या और बहू द्वारा साक्ष्य छिपाने की पुष्टि होने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

दिनांक 12 जून 2025 की शाम को मृतक धनसिंह यादव (उम्र 70 वर्ष) और उसके पुत्र हरिराम यादव (उम्र 40 वर्ष) के बीच विवाद हुआ था। मृतक ने अपने नाम पर स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मकान के कार्य में सहयोग की बात कही थी, जिससे नाराज होकर हरिराम ने अपने पिता के सिर पर लकड़ी की फाली से वार कर दिया। घायल अवस्था में धनसिंह को तत्काल सीएचसी लैलूंगा लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने मर्ग क्रमांक 70/2025 धारा 194 BNSS पंजीबद्ध कर प्रारंभिक जांच शुरू की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि यह मामला दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई हत्या है। इसके आधार पर आरोपी हरिराम यादव के विरुद्ध दिनांक 13 जून को अपराध क्रमांक 168/2025 धारा 103(1) BNS के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की पत्नी फुलकुंवर यादव (उम्र 30 वर्ष) ने घटना के प्रत्यक्षदर्शी होने के बावजूद पुलिस को गुमराह किया और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। इस कारण उसके खिलाफ धारा 239 BNS के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले को घरेलू विवाद से उपजे जघन्य अपराध के रूप में देख रही है और गहराई से जांच कर रही है।


Show More
Bhimsen Tiwari

Bhimsen Tiwari

Editor-in-Chief

भीमसेन तिवारी पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता, प्रिंट मीडिया और विज्ञापन के क्षेत्र में सक्रिय हैं। समाचार संकलन, संपादन और रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव रखने वाले भीमसेन तिवारी तथ्यात्मक, निष्पक्ष और जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के पक्षधर हैं। वर्तमान में वे 'आपकी आवाज़' (aapkiaawaz.net) के...

Back to top button